– सफाई कर्मचारियों के साथ ही वाल्मीकि समाज के लोगों ने कमिश्नरी चौराहे पर किया प्रदर्शन।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। रोड़ एक्सीडेंट में वाल्मीकि समाज की महिला कविता वाल्मीकि की मौत होने के बाद आरोपी चालक पर कार्रवाई नहीं करने के विरोध में गुरुवार को नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के दर्जनों सदस्यों ने अध्यक्ष विनेश मनोठिया के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

इस दौरान उन्होंने योगी सरकार को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय पर सौंपते हुए मृतक महिला के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी की। प्रदर्शन कर रहे नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया ने बताया कि, 6 मार्च को वाल्मीकि दलित महिला कविता अपनी दो बेटियों के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में वाहन संख्या यूपी-15 एफबी-7500 के चालक ने कविता वाल्मीकि को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर घायल कर दिया।
आरोप लगाया कि चालक सहायता करने के बजाय अपना वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। अस्पताल में इलाज के दौरान कविता की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि, इतना सबकुछ हो जाने के बावजूद कविता की मौत के जिम्मेदार हत्यारे की गिरफ्तारी नही हुई। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी रसूखदार है, इसलिए थाना पल्लवपुरम द्वारा आज तक उसे गिरफ्तार नही किया गया। जिसके चलते योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस वाली कानून व्यवस्था पर सवाल उठता नजर आ रहा है। पुलिस दोषी को बचाने में लगी हुई है।
ज्ञापन सौंप रहे सफाई कर्मचारियों ने योगी सरकार से हत्यारोपी की गिरफ्तारी कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने और मृतका कविता की आश्रित पुत्रियों को सरकारी रोजगार दिलवाने के साथ बेटियों को मुख्यमंत्री राहत कोष में से 20 लाख रुपए और एक मकान दिलाए जाने की मांग की।


