नई दिल्ली। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुबई से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास धमाके और धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि ईरान की जवाबी कार्रवाई के दौरान यह घटना हुई, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इमारत को निशाना बनाया गया था या नहीं।
वीडियो में दूर से काला धुआं उठता दिख रहा है, जबकि स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाके से पहले इलाके में एक ड्रोन देखे जाने की भी बात सामने आई है। एहतियातन दिन में पहले ही बुर्ज खलीफा को खाली करा लिया गया था।
दुबई के प्रतिष्ठित पाम जुमेराह इलाके में भी धमाके की खबर सामने आई, जहां एक इमारत में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोरदार धमाकों की आवाज के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।