माता-पिता को स्टेशन छोड़ने गया था, मौके पर पहुंची पुलिस
ललितपुर। बार थाना क्षेत्र के धोवनखेरी गांव में सोमवार सुबह पानी भरे खेत में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही बार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान धोवनखेरी निवासी दीपक पुत्र हरवल श्रीवास, करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि दीपक रविवार शाम अपने माता-पिता को स्टेशन छोड़ने गया था। उसके माता-पिता दिल्ली में काम करते हैं। दीपक भी दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था।
परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले काम के दौरान ग्राइंडर मशीन की चपेट में आने से दीपक का हाथ कट गया था। इसके बाद वह इलाज कराने के लिए गांव आया था। दीपक के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है।
बताया गया कि रविवार रात माता-पिता को स्टेशन छोड़ने के बाद दीपक कब और किसके साथ वापस गांव लौटा, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। सोमवार सुबह उसका शव पानी भरे खेत में मिलने से परिवार में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। शव खेत में कैसे पहुंचा और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।