शॉर्ट सर्किट के चलते लगी आग, 30 लाख का माल जलकर राख
इटावा। भरथना कस्बे के बालूगंज मोहल्ले में रविवार देर रात चौधरी मार्केट स्थित रेडीमेड कपड़ों और साड़ी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार के मुताबिक आग से करीब 30 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया।
बालूगंज मोहल्ले में गुरुद्वारा वाली गली निवासी रामकिशोर पुत्र नाथूराम की चौधरी मार्केट में रेडीमेड कपड़ों और साड़ी की दुकान है। रविवार देर रात करीब 2:30 बजे दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
दुकान में आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। आग लगने के समय दुकान मालिक मौके पर मौजूद था। दुकानदार रामकिशोर ने बताया कि रात में दो-तीन फोन आए कि दुकान में आग लग गई है। इसके बाद जब वह लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान का काफी सामान जल चुका था।
रामकिशोर के मुताबिक आग से करीब 30 लाख रुपये के माल का नुकसान हुआ है। रामकिशोर ने बताया कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के चलते आग लगी है। आग से दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े और साड़ियां जल गईं। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।