– छाया काले धुंए का गुबार, सड़क पर फैले तेल में भी लगी आग।
कौशांबी। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात मोबिल आॅयल से भरा एक टैंकर पलट गया। इसके बाद टैंकर में भीषण आग लग गई। आग हाईवे पर करीब 50 मीटर तक फैल गई। लपटें करीब 100 फीट ऊंची उठ रही थीं। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। दोनों ओर करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। 6 दमकल की गाड़ियों से 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 10 बजे लोंहदा मोड़ के पास हुआ। कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा टैंकर तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर से खंभा टूट गया और हाईटेंशन लाइन नीचे लटक गईं। तारों में हुए शॉर्ट-सर्किट से टैंकर में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण हाईवे पर दहशत फैल गई। दोनों ओर करीब 25 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सैनी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पथरावां और अजुहा चौकी पुलिस फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन कर्मियों ने करीब 2 घंटे में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। टैंकर (नंबर वङ 18उअ 7162) में ड्राइवर सुधीर सिंह और क्लीनर विनीत पुत्र जयवीर सिंह सवार थे। दोनों समय रहते बाहर निकल गए। सुधीर और विनीत औरैया में रूपपुर गांव के रहने वाले हैं। टैंकर दिल्ली से कोलकाता जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी ट्रक चालक योगेंद्र ने बताया, टैंकर मेरी गाड़ी के आगे चल रहा था। अचानक वह अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। टैंकर में दो लोग सवार थे। जो नीचे उतरकर भाग गए। मैं ट्रक लेकर कोलकाता जा रहा था।

