- हवा में उड़कर दूर जा गिरे ड्रम।
अलीगढ़। रोरावर थाना क्षेत्र के नादा वाजिदपुर इलाके में सोमवार देर रात एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। केमिकल में क्रिया होने के बाद हुआ धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों के खिड़की दरवाजे हिल गए। लोग बाहर निकल आए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, ब्लास्ट के कारण केमिकल के ड्रम हवा में उड़कर फैक्ट्री से दूर 200 मीटर तक गिरे। ड्रम का एक टुकड़ा फैक्ट्री के नजदीक टहल रहे व्यक्ति के आकर लगा। जिसके कारण वह घायल हो गया। उसके सिर में चोट आई है। लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत काम शुरू किया।
रोरावर के नादा वाजीदपुर में इलाके के ही निवासी सोनू की केमिकल फैक्ट्री है। फैक्ट्री में पेंट बनाया जाता है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे केमिकल से भरे एक ड्रम में अचानक विस्फोट हो गया। जिसके कारण ड्रम फट गया और कई फीट ऊंचा हवा में उड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक टुकड़ा 100 मीटर दूर मैदान में गिर गया। दूसरा टुकड़ा गांव के ही अभिषेक के सिर में जा लगा। जिसके कारण उसके सिर में चोट लगी और खून निकल गाया। लेकिन घायल को तत्काल उपचार दिलाया गया, जिसके बाद उसकी हालत खतरे के बाहर है।
धमाका काफी जोरदार था और रात का समय होने के कारण इसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी। वहीं धमाके के कारण अंदर रखे ड्रम भी दूर-दूर तक जा गिरे। फैक्ट्री के नजदीक में ही एक स्कूल है, जिसकी चौथी मंजिल पर बनी छत पर भी ड्रमों के अवशेष गिरे तो टीम को मिले हैं।
केमिकल फैक्ट्री में हुआ धमाका काफी जोरदार था। राहत इस बात की रही कि इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। क्योंकि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी और यहां काम करने वाले सभी मजदूर काम खत्म करके घर जा चुके थे। अगर घटना के समय फैक्ट्री में कोई मजदूर होता तो उसकी जान भी जा सकती थी।
फैक्ट्री में ब्लास्ट की सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार, रोरावर थाना प्रभारी शिवशंकर गुप्ता और उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। पहले टीम ने राहत काम किया और फैक्ट्री के अंदर जाकर जांच की। अंदर रखे केमिकल के अन्य ड्रमों को वहां से हटाया गया।
वहीं फैक्ट्री संचालक भी मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद अधिकारियों ने उससे बातचीत की और फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल की जानकारी ली। जिस पर उसने बताया कि पेंट में इस्तेमाल होने वाले केमिकल फैक्ट्री में रखे गए थे। जिसके बाद उसे हिदायत दी गई है कि रिहायशी इलाके के बाहर जाकर वह फैक्ट्री चलाए।
सीएफओ अरविंद कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में धमाके की जांच की जाएगी। इसके लिए एक्सपर्ट की टीम सारे बिंदुओं की जांच करेगी और यहां रखे केमिकल की भी लैब में जांच कराई जाएगी। इसके लिए सैंपल एकत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि कोई दो केमिकल आपस में मिल गए होंगे, जिसके कारण यह ब्लास्ट हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही ब्लास्ट होने के सही कारण पता चल सकेंगे।