नशे में कार सवारों ने मचाया उत्पात, पुलिस के सामने मारपीट
शारदा रिपोर्टर मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में मेरठ साउथ स्टेशन के पास शुक्रवार को शराब के नशे में बताए जा रहे ब्रेजा सवार युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे सीएनजी टेंपो लोडर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं।
हादसे के बाद कार सवारों ने मौके से भागने की कोशिश की,लेकिन करीब 300 मीटर आगे ओम साइन धाम कॉलोनी की दीवार से कार जा टकराई।हादसे में टेंपो चालक और कार चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार,मोदीनगर की तरफ से आ रही ब्रेजा कार मेरठ साउथ स्टेशन के पास आगे चल रहे सीएनजी टेंपो से जा भिड़ी। आरोप है कि कार चला रहा अमन त्यागी निवासी खंदावली, थाना खरखौदा शराब के नशे में था।टक्कर लगते ही टेंपो में आग भड़क उठी।
सड़क पर आग की लपटें देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में टेंपो चालक सोनू पुत्र ओमवीर निवासी रिठानी घायल हो गया।उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।कार चालक अमन त्यागी के भी घायल होने की जानकारी है।
टेंपो में आग लगने के बाद कार सवारों ने मौके से निकलने की कोशिश की,लेकिन उनकी कार करीब 300मीटर आगे ओम साइन धाम कॉलोनी की दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में मौजूद जैद को पकड़ लिया। वहीं, शोएब, अमन,रिहान और शहजादा के मौके से भागने की बात सामने आई है।पुलिस के सामने ही शुरू कर दी मारपीट
हादसे की सूचना पर अमन त्यागी का बड़ा भाई शुभम त्यागी भी दूसरी कार से मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही जैद के साथ मारपीट शुरू कर दी।यह देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे फटकार लगाई और मौके से हटाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे।वे खुद को किसान यूनियन का पदाधिकारी और कर्मचारी बताकर रौब झाड़ रहे थे। पुलिस ने ब्रेजा कार और सीएनजी टेंपो को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।