लोगों ने पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंपा, साथी फरार
नोएडा। सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टीरिया सोसायटी के गेट नंबर-3 पर मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके साथ बाइक पर मौजूद अन्य युवक मौके से फरार हो गए। सोसायटी के लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उउळश् फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
सोसायटी के लोगों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एक युवक मोबाइल छीनकर भाग रहा था। शोर सुनकर लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी की पिटाई की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर उसे सौंप दिया गया।
लोगों के मुताबिक मोबाइल स्नेचिंग करने वाले युवक के साथ बाइक पर कुछ अन्य लोग भी थे। लोगों के पीछा करने पर वे मौके से भाग गए। पुलिस अब सोसायटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
सोसायटी की एक महिला ने बताया कि घटना से एक रात पहले इन्हीं बदमाशों ने उसकी चेन छीनने की कोशिश की थी। हालांकि वह बदमाशों के चंगुल से बच गई और चेन नहीं जा सकी। महिला ने घटना की पुष्टि की है। सोसायटी के लोगों का कहना है कि परिसर और आसपास इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। उनका दावा है कि संदिग्ध युवक कई बार आसपास दिखाई दे चुके हैं।