फायरिंग-झड़प में चार लोग हुए घायल, डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे
मैनपुरी। किशनी थाना क्षेत्र के छोटा हर्राजपुर गांव में रविवार देर रात करीब 8 बजे दो पक्षों में फायरिंग हो गई। झड़प और फायरिंग में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं मारपीट में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। घटना की सूचना पर डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से पूछताछ की। मौके पर शांती व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया। मामले में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गांव निवासी राजेंद्र सिंह चौहान और भारत सिंह भदौरिया के बीच खेत की मेड़ और सरकारी बचत भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। राजस्व विभाग की टीम ने पूर्व में खेतों की पैमाइश भी की थी, लेकिन एक पक्ष इस नाप से संतुष्ट नहीं था।
रविवार को खेत की जुताई के दौरान मेड़ टूटने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मोहित और दीपक चौहान तमंचे और फरसे के साथ पहुंचे और विरोधी पक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि हमलावर उनके घर में घुस आए और जानलेवा हमला किया।
इस खूनी संघर्ष में कुलदीप पुत्र शिशुपाल, दीपांशु पुत्र सोनपाल, हिमांशु पुत्र अशोक सिंह और अरविंद पुत्र सूरजपाल गंभीर रूप से घायल हुए। दीपांशु ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह और सीओ रामकृष्ण द्विवेदी सहित कई थानों का पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने खून के नमूने, चले हुए कारतूस और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे।
पुलिस ने पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एक घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।