HomeTrendingभूतेश्वर अखाड़े में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

भूतेश्वर अखाड़े में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

-

पुलिस ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ा, रिवॉल्वर को लेकर हुई छीना-झपटी


मथुरा। मामूली विवाद के बाद युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से 10-11 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से अखाड़े में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपनी स्कॉर्पियो लेकर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। करीब 1 किलोमीटर दूर कृष्णा नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसकी गाड़ी रोक ली। आरोपी रिवॉल्वर लेकर गाड़ी से नीचे उतरा।

पुलिस ने जब रिवॉल्वर कब्जे में लेने की कोशिश की तो आरोपी अड़ गया। उसने रिवॉल्वर सौंपने से मना कर दिया। पुलिसकर्मी काफी देर तक रिवॉल्वर छीनते रहे। छीना-झपटी और हंगामे के चलते रोड पर जाम लग गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली। घटनास्थल से 6 खाली कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के भूतेश्वर अखाड़े में शुक्रवार रात में हुई।
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सेही के रहने वाले दिनेश वशिष्ठ (32) का गोविंदपुर गोपालपुरा के रहने वाले करन से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, दिनेश की एक लड़की से दोस्ती है और दोनों ज्यादातर साथ में रहते हैं। उस लड़की का भाई भूतेश्वर अखाड़े में पहलवानी करता है।
करन ने युवती के भाई को दिनेश के बारे में जानकारी दे दी। करन ने कहा कि अपनी बहन को समझाए, क्योंकि इससे परिवार की बदनामी हो रही है। इस पर भाई ने अपनी बहन को डांटा। इसके लड़की ने इसकी जानकारी दिनेश को दी। इसी बात से नाराज होकर दिनेश आगबबूला हो गया। आरोप है कि दिनेश ने पहले करन को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

अखाड़े में आने-जाने को लेकर हुआ विवाद

दिनेश शुक्रवार रात करीब 9 बजे अपनी स्कॉर्पियो से भूतेश्वर अखाड़े पहुंचा। यहां उसका करन से विवाद शुरू हुआ। बहस के दौरान दिनेश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और करीब 11-10 राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही अखाड़े में मौजूद पहलवान और अन्य लोग घबरा गए।

लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भागने का प्रयास करने लगा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।

बीच सड़क पर घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस ने करीब एक किलोमीटर दूर कृष्णा नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को रोक लिया। उस समय भी उसके हाथ में रिवॉल्वर थी। आरोपी रिवॉल्वर सौंपने को तैयार नहीं था। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुस्ताक मोहम्मद मेहंदी से वह छीना-झपटी करने लगा। इस दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी से रिवॉल्वर लेने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, जबकि आरोपी विरोध करता दिखाई देता है। बीच सड़क पर हुई इस कार्रवाई को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

छह खोखे बरामद, रिवॉल्वर जब्त

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में ले ली। घटनास्थल से छह खाली कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई थी। वहीं, कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts