Homeउत्तर प्रदेशMeerutग्रामीणों ने उठाई जर्जर मार्ग के निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने उठाई जर्जर मार्ग के निर्माण की मांग

-

– जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, 350 मीटर सड़क बनाने की अपील


शारदा रिपोर्टर मेरठ। हस्तिनापुर विकासखंड के ग्राम कंकरखेड़ा (ग्राम पंचायत लतीफपुर) के ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से जर्जर पड़े मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने लल्लू प्रधान के घर से हैप्पी सिंह के डेरे तक लगभग 350 मीटर खडंजा मार्ग बनवाने की अपील की है।ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में है और इस पर किसी भी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। हल्की बारिश के बाद भी कीचड़ भर जाने से आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।
इस खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण निवासी दीपक सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में किसी भी ग्राम प्रधान द्वारा इस रास्ते के सुधार के लिए कोई कार्य नहीं कराया गया है।

बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए लल्लू प्रधान के घर से हैप्पी सिंह के डेरे तक 350 मीटर खडंजा मार्ग का निर्माण जल्द कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।

इस दौरान जीवन सिंह, मोहन सिंह, हैप्पी सिंह, दीपक सिंह, अतर सिंह और अमन सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मार्ग निर्माण की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने के लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts