HomeTrendingमामा ने भांजे की गोली मारकर हत्या की

मामा ने भांजे की गोली मारकर हत्या की

-

बीच-बचाव करने आई बहन को भी मारी गोली, गंभीर घायल


बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के बख्तपुर गांव में बुधवार देर रात शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपने 25 वर्षीय भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची अपनी बहन को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी तमंचा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी वीर सिंह बुधवार रात अपने भांजे आकाश (25) के साथ घर में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में वीर सिंह ने कमरे में रखा तमंचा उठाया और आकाश के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही आकाश लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आकाश की मां और वीर सिंह की बहन संतोषी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बेटे को बचाने और दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी फायर कर दिया। गोली संतोषी के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपी तमंचा लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कादरचौक पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संतोषी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एसपी सिटी, सीओ दातागंज और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद वारदात होने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts