एक ने कल मौके पर तोड़ा था दम, दूसरे की इलाज के दौरान गई जान
गाजीपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक पांचू चौहान की 25 नवंबर को शादी होनी थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। घटना मुख्यालय से करीं 30 किलोमीटर दूर गुरुवार को हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, मुहम्मदपुर वाजिदपुर निवासी बाबूलाल चौहान और पांचू चौहान बुधवार सुबह बाइक से घर से निकले थे। दोनों कासिमाबाद जा रहे थे। इसी दौरान डोड़सर गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाबूलाल चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांचू गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल पांचू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मऊ रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें वाराणसी भेजा गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, पांचू अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी शादी 25 नवंबर को तय थी। इससे पहले 19 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम होना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को बेटे की बारात निकलने का इंतजार था, लेकिन हादसे की खबर से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।