दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर खुशहालपुर में हुआ गंभीर हादसा
सहारनपुर। थाना मिजार्पुर क्षेत्र के खुशहालपुर स्थित दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान आजम पुत्र इसरार और आसिफ पुत्र लतीफ निवासी मरवा, थाना बेहट के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से हाईवे के रास्ते मिजार्पुर की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में दोनों ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थाना मिजार्पुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल दोनों युवकों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक मृतकों के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जांच कर रही है।