लाखों का सामान जला, जेसीबी से शटर तोड़कर दो घंटे में बुझाई गई
मैनपुरी। क्रिश्चियन तिराहे पर देर रात भीषण आग लगने से सिक्का कलेक्शन शोरूम और उसके पास स्थित लहंगा-चुन्नी के दूसरे शोरूम में लाखों रुपए का सामान जलने की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर पहली और दूसरी मंजिल पर बने गोदाम तक लपटें पहुंच गईं।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम का शटर बंद होने के कारण जेसीबी की मदद से उसे तोड़ना पड़ा। घटना में नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, क्रिश्चियन तिराहे पर स्थित मार्केट की बिल्डिंग में सिक्का कलेक्शन नाम से शोरूम है। इसके पास ही लहंगा-चुन्नी और कपड़ों का एक अन्य शोरूम भी है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे शोरूम में शॉर्ट सर्किट के बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पास स्थित दूसरे शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कपड़ों और अन्य सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। लपटें ग्राउंड फ्लोर से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गईं और वहां बने गोदाम में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। देर रात तक बाजार की अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी थीं। ऐसे में शोरूम के अंदर तक पहुंचना दमकलकर्मियों के लिए चुनौती बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शोरूम का शटर नहीं खुलने पर जेसीबी की मदद से उसे तोड़ा गया, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास तेज किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल टीम ने आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक दोनों शोरूम में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।