व्यापारी के बेटे से की थी 24.85 लाख की लूट, पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ में पकड़ा
गाजियाबाद। व्यापारी के बेटे से पिस्टल के बल पर 24.85 लाख रुपए की लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
वेव सिटी पुलिस और स्वॉट टीम ने सोमवार देर रात राजा जी रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में दोनों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से बाइक, दो तमंचे और लूट के 5 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि सोमवार देर रात राजा जी रोड पर कुछ संदिग्ध बदमाशों के होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, व्यापारी कैश लेकर गाजियाबाद आते-जाते थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी रेकी शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम पुत्र आफाक निवासी नीलमणि कॉलोनी, अर्थला गाजियाबाद और आसिफ पुत्र अहसान निवासी लिसाड़ीगेट, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।
मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र के अली बाग निवासी नईमुद्दीन डिकौली में कचरा प्रोसेसिंग की फैक्ट्री चलाते हैं। उनका बेटा गिलमान भी फैक्ट्री की देखरेख करता है। 21 अगस्त की रात गिलमान अपने चचेरे भाई समद और साथी सलीम के साथ थार से दिल्ली जा रहा था।
गिलमान के पास 24.85 लाख रुपए कैश था। यह रकम उसे दिल्ली के जाफराबाद निवासी अपने पार्टनर गयूर को देनी थी। गिलमान के मुताबिक, हाईटेक कॉलेज के पास पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ओवरटेक कर थार को रोक लिया।
बदमाशों ने पिस्टल तानकर कहा कि उनकी लड़की गायब है और उसका अपहरण कर गाड़ी से ले जाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने थार की तलाशी लेने की बात कही। हथियारों के बल पर बदमाशों ने गाड़ी में रखा 24.85 लाख रुपए कैश लूट लिया।
गिलमान के मुताबिक, बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल रखकर गोली मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके चचेरे भाई समद को पिस्टल की बट से मारा गया। इसके बाद बदमाश कैश लेकर फरार हो गए।
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों और लूट की पूरी रकम के बारे में जानकारी जुटा रही है।