बीच-बचाव करने पहुंची थी महिला, सीने में लात मारने का आरोप
शामली। गढ़ी दुल्ला खेड़ी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत पड़ोसी पर घर में घुसकर मारपीट करने और 55 वर्षीय महिला की मौत का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि आरोपी के हमले के दौरान महिला बीच-बचाव करने पहुंची थी। इसी दौरान उसके सीने में लात मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान सुनीता (55) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला एक युवक शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। मनोज और विकास ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर सुनीता बीच-बचाव करने पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनके सीने में लात मार दी। चोट लगने के बाद सुनीता गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़ीं।
परिजनों ने सुनीता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत की वास्तविक वजह भी स्पष्ट हो सकेगी।