देर रात घर लौटते समय हुआ हादसा, तीन छोटे बच्चों का पिता था मृतक
हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उनकी कार गांव बरोस के पास एक पेड़ से जा टकराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक की पहचान चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ा परसोली निवासी रामकुमार (40) पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है।
रामकुमार खेती-बाड़ी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, रामकुमार मंगलवार की मध्य रात्रि में अपनी इको स्पोर्ट्स कार लेकर निकले थे। आज सुबह लगभग 5 बजे उनकी कार सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड पर गांव बरोस के निकट अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। रामकुमार को सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, वे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि रामकुमार मध्य रात्रि में किससे मिलने जा रहे थे और उन्हें किसने बुलाया था। गाड़ी में उनके साथ कोई था या नहीं। मृतक अपने पीछे तीन संतानों को छोड़ गए हैं। पुलिस भी मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।