चालीस साल पुराने मकान का लेंटर गिरा, परिवार में कोहराम
प्रतापगढ़। पट्टी थाना क्षेत्र के बरहूपुर गांव में मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे मकान की छत का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में कमरे के अंदर सो रहे 55 वर्षीय किसान रामकुमार वर्मा पुत्र राम अधीन वर्मा मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि रामकुमार वर्मा रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा भानु प्रताप कमरे के बाहर बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहा था।
इसी दौरान मंगलवार रात करीब 10 बजे अचानक कमरे से तेज आवाज आई। आवाज सुनकर भानु प्रताप कमरे की ओर दौड़ा तो देखा कि छत का लेंटर पूरी तरह ढह चुका था और उसके नीचे उसके पिता दबे हुए थे।
बेटे की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर रामकुमार को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार मकान करीब 40 वर्ष पुराना था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बुधवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है।मृतक के परिवार में पत्नी कर्मा देवी, पुत्र भानु प्रताप और पुत्री संजू देवी हैं। हादसे के बाद पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।