– बृजघाट-तिगरी धाम पर चैत्र अमावस्या का स्नान, ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे गूंजे।
अमरोहा। चैत्र अमावस्या के अवसर पर बृजघाट और तिगरी गंगा धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। इस दौरान ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से गंगा घाट गूंज उठे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने पितरों की आत्मा की शांति के लिए गंगा किनारे हवन-यज्ञ भी कराए और पुरोहितों को वस्त्र व भोजन आदि दान किए।
बुधवार को बृजघाट और तिगरी गंगा धाम के घाटों पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं और बुजुर्गों में भी स्नान को लेकर उत्साह देखा गया। श्रद्धालु सुबह तड़के से ही स्नान के लिए पहुंचने लगे थे।

बृजघाट में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों के अलावा मेरठ, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और बिजनौर सहित विभिन्न जनपदों से श्रद्धालु पहुंचे थे। कुछ श्रद्धालु मंगलवार रात ही बृजघाट पहुंच गए थे और उन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान किया। इन श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान कर घर में सुख-शांति की कामना की और जरूरतमंदों को दान दिया।
तिगरी गंगा धाम में भी गजरौला शहर और आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने गंगा स्नान किया और हवन-यज्ञ कराए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा।

