सहारनपुर– उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 2 बच्चों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गयी। गैस ऐजेंसी के कर्मचारी के 2 बच्चों की हत्या दिवाली की रात कर दी गई। बताया जा रहा है कि तंत्र-मंत्र के चलते दोनों की हत्या की गई है।
देवबंद थाना क्षेत्र के भायला गांव में देर रात गैस एजेंसी के कर्मचारी के 2 बच्चों की हत्या कर दी गई। हत्या उस वक्त की गयी, जब दोनों मंदिर में दिए जलाने के लिए गए थे। दोनों के शव गांव के ही पास पड़े मिले। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने देवबंद-बड़गांव मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण तंत्र मंत्र के चलते बच्चों की हत्या करने की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस इसे सड़क हादसे मानकर चल रही है।
बता दें कि डबल मर्डर की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।