– जनजीवन अस्त-व्यस्त, अगले 24 घंटे ऐसा ही बना रहेगा मौसम।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। उत्तर भारत के कई हिस्सों समेत मेरठ में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। सुबह के समय दृश्यता इतनी कम हो गई है कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे दैनिक कामकाज में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और खासकर वाहन चालकों को कोहरे के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले 24 घंटों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है। ठंड और कोहरे की दोहरे मार के कारण न केवल यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि प्रदूषण का स्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। यह स्थिति लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एम. शमीम ने बताया कि वर्तमान में कोहरे का यह क्रम जारी रहेगा। नमी की मात्रा बढ़ने के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई है और तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इस सर्द मौसम को देखते हुए लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और गर्म कपड़े पहनें।


