बहलाकर अपने साथ ले गए थे, पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ा
गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद रेप के मामले में फरार चल रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक स्कूटी से जा रहे थे। पुलिस ने ट्रोनिका सिटी-लोनी रोड पर उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान चेकिंग कर रहा एक सिपाही बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने पीछा किया तो स्कूटी गिर गई। इसके बाद दोनों युवक पैदल भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गुलजार पुत्र मुस्ताक और अहसान पुत्र कल्लू उर्फ नदीम के रूप में हुई है। दोनों ट्रोनिका सिटी के सुधीर एंक्लेव, रामपार्क के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से दो तमंचे और स्कूटी बरामद की। जांच में स्कूटी चोरी की निकली। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात बताई है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को दोनों आरोपी दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गए थे। आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरियों ने अपने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पुलिस पिछले दो दिनों से दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार रात मुखबिर की सूचना पर दोनों को ट्रेस किया गया। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।