नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के कृष्णनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता टीएमसी के जंगलराज के खिलाफ है। जिसने लूटा है उसे लौटाना होगा। टीएमसी का जंगलराज अब नहीं चलेगा। टीएमसी घुसपैठ करती है, उसको संरक्षण देती है। अत्याचारियों-भ्रष्टाचारियों का हिसाब होगा। किसी को भी टीएमसी से डरने की जरूरत नहीं है।

बंगाल के कृष्णनगर में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। 50 साल बाद चुनावी हिंसा में कमी आई है। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव में कम हिंसा चुनाव आयोग की सफलता है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल से भय जा रहा है, भरोसा आ रहा है। बंगाल में मतदान पुराने रिकॉर्ड तोड़ रहा है। पहले बंगाल में गुंडाराज चलता था।
पीएम मोदी बोले मैं देख रहा हूं, मैं जब से राजनीति में आया हूं, मैं कह सकता हूं कि पिछले 50 साल में ये पहला चुनाव ऐसा है, जिसमें हिंसा कम से कम हुई है। वरना हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटका देते थे और बोल देते थे कि आत्महत्या कर ली। एक प्रकार से गुंडाराज चलता था। मैं चुनाव आयोग का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने फिर से एक बार बंगाल की धरती पर लोकतंत्र की प्रतिष्ठा की है। शांतिपूर्ण मतदान कराने में चुनाव आयोग की ये सफलता बहुत बड़ी सिद्धि है। मैं यहां के सरकारी कर्मचारियों का भी अभिनंदन करता हूं कि वे भी इस बार शांतिपूर्ण मतदान में बहुत जिम्मेदारी पूर्वक अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। ये उत्साह, ये उमंग, ये जोश भरोसे का है। भय जा रहा है, भरोसा आगे बढ़ रहा है। बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं, गांव-गांव, गली-गली, स्त्री-पुरुष, युवा-बुजुर्ग सब बोल रहे हैं। पलटनो दरकार चाही बीजेपी सरकार (पुरानी सरकार को जाना चाहिए, बीजेपी सरकार बनना चाहिए)। 4 मई यानी चुनाव के नतीजे के दिन के बारे में पीएम मोदी बोले, भाजपा-एनडीए की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भी भाजपा की विजय का जश्न भी होगा और मिठाई भी बंटेगी और झालमुरी भी बांटी जाएगी। झालमुरी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुड़ी मैंने खाई लेकिन झाल को लगी है।


