आरोपी की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
ग्रेटर नोएडा। जेवर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह घटना 25 जुलाई की शाम करीब 7 बजे जहांगीरपुर चौकी इलाके में हुई। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो हथियारबंद बदमाश फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो मंगलवार की सुबह 11बजे सामने आया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उनका कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें धमका रहे हैं और मामला वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जहांगीरपुर पुलिस चौकी के कुछ पुलिसकर्मी उन्हें समझौता करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। इस स्थिति के कारण परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
बताया जा रहा है कि यह विवाद होटल के किराए को लेकर शुरू हुआ था। गोलीबारी की इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई है और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।