अब फिर बढ़ेगा गर्मी का जोर, आज परिश्चमी और दक्षिणी क्षेत्र में बूंदाबांदी के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम ने यू टर्न लिया। दिनभर धूप निकलने से कई जिलों में तेज गर्मी और उमस बढ़ गई। हालांकि दिल्ली और हरियाणा से सटे इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में गर्मी और तपिश फिर से बढ़ने लगेगी।
तापमान की बात करें तो फरुर्खाबाद 42 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। बस्ती में 41 डिग्री, जबकि लखीमपुर खीरी और बांदा में 40.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में अगले कुछ दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है।
मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री की उछाल के साथ 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री की बढ़त के साथ 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।