शारदा रिपोर्टर मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में कई व्यावसायिक भवनों को सील किए जाने के विरोध में गुरुवार को शहर के व्यापारियों ने मेरठ बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान शहर के कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं और व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया। आपको बता दें कि, इससे पहले शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों के लिए बुधवार का दिन ब्लैक डे रहा। यहां सेंट्रल मार्केट प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आवास एवं विकास परिषद ने व्यापारियों के भारी विरोध के बीच 44 भवनों को सील कर दिया, इनमें छह स्कूल, छह निजी अस्पताल और चार मंडपों के अलावा 28 कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स शामिल थे।

हालांकि, सीलिंग की कार्रवाई के दौरान सैंकड़ों व्यापारियों ने इस कार्रवाई का जोरदार विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। लेकिन, पुलिस की सख्ती के चलते व्यापारियों को बैकफुट पर आना पड़ा। इस कार्रवाई से गुस्साए व्यापारियों ने एलान किया कि, सभी व्यापारिक संगठन संयुक्त व्यापार संघ के नेतृत्व में मेरठ बंद करेंगे और सीलिंग की कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

इस एलान के चलते आज जनपद मेरठ के सभी प्रमुख लाला का बाजार, खैर नगर, घंटाघर, आबूलेन, बेगम पुल, लालकुर्ती पैंठ बाजार, सदर बाजार, शहर सराफा बाजारों में दुकानों पर ताले लटके रहे। जबकि, जहां रोजाना लोगों की भीड़ देखी जाती थी, वहां भी सन्नाटा पसरा रहा। जबकि, पैट्रोल पंप भी तीन बजे तक बंद रहे। मेरठ बंद के दौरान सुबह छः बजे से ही सैंकड़ों व्यापारी शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना था कि, बिना पर्याप्त समय दिए की गई सीलिंग से उनके व्यापार और रोजगार पर गंभीर असर पड़ेगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों का कहना है कि बिना पर्याप्त समय दिए की गई सीलिंग से उनके व्यापार और रोजगार पर गंभीर असर पड़ेगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश और नियमों के तहत की गई है। स्थिति को देखते हुए शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

