– गुरूवार सुबह कोहरे के कारण अस्तव्यस्त हुआ जनजीवन, प्रदूषण की मार अभी भी कर रही परेशान।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मेरठ सहित यूपी में अब कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। गुरूवार सुबह से ही घने कोहरे और धूप नहीं निकलने के चलते लोगों को ठंड का अहसास होने लगा। हालात ये रहे कि सुबह नौ बजे तक मुख्य मार्ग और बाजार सूने नजर आए। सिर्फ स्कूली वाहन या जरूरी काम से निकलने वाले लोग ही सड़कों पर नजर आए।

बुधवार से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। बुधवार सुबह कोहरे के बीच धूप के हलके दर्शन हुए, लेकिन शाम होते-होते ठंडी हवा और धुंध ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया। जिसके चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी और कड़कड़ाती ठंड लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर देगी।
पश्चिमी विक्षोभ के आने से तापमान में ठहराव की मौसमी स्थितियां बनी रहीं। हवा की धीमी रफ्तार और बादलों की मौजूदगी की वजह से तापमान लगातार गिरावट दर्ज कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद अब पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। हवा की रफ्तार भी चार किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की उम्मीद है इससे सर्द हवा का आना बढ़ जाएगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने से मौसम में घना कोहरा छाया रहा।

मेरठ सहित अन्य शहरों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। वहीं, कोहरे के चलते दृश्यता 30 से 50 मीटर रही। पिछले कुछ दिन से स्थिर चल रहे मौसम में बुधवार अचानक बदलाव देखा गया। ठंडी हवाओं से लोग ठिठुरे तो शाम को पूरा शहर कोहरे की मोटी चादर से ढका नजर आया। जिसके चलते गुरुवार सुबह से ही घने कोहरे के चलते दो और चार पहिया वाहन स्वामियों को वाहन चलाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिसंबर में पहली बार दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इस साल दिसंबर में पहला ऐसा दिन बुधवार रहा, जब पूरा दिन धूप नहीं निकली। जिस कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। दिन के तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर में बंदी और ठंड के कारण लोग सुबह से शाम तक घरों में ही कैद नजर आए।



