शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा में नेशनल हाईवे 58 पर शनिवार सुबह एक एलपीजी इंडियन गैस कैप्सूल पलट गया। यह घटना खडौली गांव के निकट सुबह करीब 6:30 बजे हुई, जब कैप्सूल सड़क किनारे मिट्टी में फिसलकर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा और टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल और नेशनल हाईवे की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। गैस रिसाव या कैप्सूल फटने की आशंका के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया था।
पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद चार क्रेन की मदद से कैप्सूल को सीधा कराया। इसके बाद सुबह करीब 10:45 बजे यातायात बहाल किया गया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे दिल्ली से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया।
कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि यातायात चालू कर दिया गया है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

