– लाइसेंसी धारक के घर हुआ हादसा, मकान हुआ क्षतिग्रस्त।
रायबरेली। सालोन कोतवाली क्षेत्र के साहिबगंज बाजार में देर रात पटाखों के एक गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि गोदाम का कुछ हिस्सा ढह गया और आग लग गई। इस घटना में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली, संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि करहिया बाजार चौकी क्षेत्र के अंतर्गत साहिबगंज में फिरोज नामक व्यक्ति के पास पटाखे का लाइसेंस था।

फिरोज ने कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे अपने घर पर रखे हुए थे। बीती देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में इन पटाखों में आग लग गई, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे में फिरोज के परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे।
इन्हें इलाज के लिए रायबरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक अन्य घायल का इलाज अभी भी चल रहा है, जिसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

