सीएफओ ने रेस्क्यू आॅपरेशन संभाला; महिला और डॉग को बचाया
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के नीतिखंड में गुरुवार रात इंस्टामार्ट के वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की गैलेक्सी फर्नीचर शॉप और गोदाम भी इसकी चपेट में आ गए।
आग की लपटें आसपास की इमारतों तक पहुंच गईं। इस दौरान कई तेज धमाके हुए और सिलेंडर फटने से आग और भड़क गई। आग की सूचना मिलते ही डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीएफओ सौरभ सिंह भी दमकल टीम के साथ पहुंचे।
आसपास के दुकानों और रिहायशी इलाकों को खाली कराया गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने एक फ्लैट में फंसी अनाया नाम की महिला और उसके पालतू डॉग को सुरक्षित बाहर निकाला।
चीफ फायर आॅफिसर सौरभ सिंह के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4 बजे नीति खंड-1 स्थित इंस्टामार्ट वेयरहाउस में आग की सूचना मिली। वैशाली फायर स्टेशन से 5 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की लपटें तेज होने पर सीएफओ भी मौके पर पहुंचे।
आग इंस्टामार्ट वेयरहाउस से पास स्थित गैलेक्सी फर्नीचर के गोदाम तक फैल गई थी। हालात को देखते हुए नोएडा और मेरठ से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। गाजियाबाद के सभी फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। कुल 15 दमकल गाड़ियों की मदद से करीब 90 मिनट में आग पर काबू पाया गया।
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि आग कमर्शियल एरिया से पीछे स्थित रिहायशी इलाके तक पहुंच गई थी। धुआं घरों और फ्लैटों में भर रहा था। इसके बाद पुलिसकर्मियों को दमकल की टीम के साथ रिहायशी इलाके में भेजा गया।
फायर टीम ने वहां लाइन बिछाकर घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग के पास स्थित डॉ. पीयूष टफक और डायग्नोस्टिक सेंटर के ऊपर बने फ्लैट में अनाया नाम की महिला फंसी थीं। दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर बालकनी के रास्ते फ्लैट में प्रवेश किया। अंदर धुआं भरा हुआ था। टीम ने महिला और उनके पालतू डॉग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक वेयरहाउस में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल रही थी। दोनों भवन टीनशेड से बने थे, जो ज्यादा ताप और आग के कारण क्षतिग्रस्त होकर नीचे झुक गए। इससे दमकलकर्मियों को आग बुझाने में परेशानी हुई।
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।