पत्नी और उसके प्रेमी को गड़ासे से काटा, प्रेमी की मौत
पत्नी की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर, दोनों आपत्तिजनक हालत में मिले थे।
गोंडा। एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर गड़ासे से हमला कर दिया। घटना में प्रेमी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना जयपुरिया स्कूल के पास की है।
रिजवान नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी माजिया के साथ डेढ़ साल से यहां किराए के मकान में रह रहा था। रात करीब 12 बजे रिजवान ने अपनी पत्नी को प्रेमी सर्वेश उर्फ गुड्डू पांडे के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। गुस्से में आकर उसने दूसरे कमरे से गड़ासा लाकर दोनों पर हमला कर दिया। हमले में 36 वर्षीय सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नगर कोतवाली क्षेत्र की अफीम कोठी के पास रहता था।
स्थानीय लोग घायल माजिया को गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी पति रिजवान और उसकी पत्नी माजिया पथवलिया गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपी रिजवान को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।