– महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक परिधान पहन घर में पूजन के बाद किया होलिका का पूजन।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जनपद में आज 1576 स्थानों पर होलिका का दहन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा। पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले को नौ जोन और 31 सेक्टरों में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि किसी भी तरह के विवाद को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक सिटी, पुलिस अधीक्षक देहात और सभी सर्किल के सीओ को विशेष निगरानी और भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए 31 त्वरित प्रतिक्रिया दल भी गठित किए गए हैं। खुफिया टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो शहर की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। सोशल मीडिया प्रयोगशाला से भी आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था का खाका
जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से नौ जोन और 31 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त, 31 त्वरित प्रतिक्रिया दल भी गठित किए गए हैं। खुफिया टीमें भी सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी: शहर के बेगमपुल, आबूलेन, वेस्ट एंड सड़क, केसर गंज, रेलवे सड़क चौराहा, फुटबॉल चौक, शारदा सड़क, भूमिया पुल, हरि नगर, हापुड़ अड्डा, एल. ब्लॉक शास्त्रीनगर, तेजगढ़ी चौराहा, लिसाड़ी गेट चौराहा, बुढाना गेट, लालकुर्ती बड़ा बाजार, छोटा बाजार, पीएल शर्मा सड़क, आदर्शनगर, खटीकान मोहल्ला, माल सड़क और तोपखाना सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इन क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिटी, पुलिस अधीक्षक देहात और सभी सर्किल के सीओ को इन इलाकों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
विधि विधान से किया गया पूजन
जनपद में प्रत्येक होलिका दहन स्थल को सुबह से ही सजा दिया गया। शुभ मुहूर्त में महिलाएं और छोटे बच्चे घर में पूजन के बाद समूह के रूप में होलिका दहन स्थल पर पहुंचे और विधि विधान के साथ किया पूजन किया।
इस दौरान महिलाओं ने अपने बच्चों के लिए स्वस्थ और दीर्घायु की कामना की। वहीं बच्चों को ड्राइफ्रूटस के हार भी पहनाए गए। इसके साथ ही छोटे बच्चों ने अपने आसपड़ोस के लोगों के यहां गोबर से बनाए गए बुरकलों को बिखेरा। बदले में लोगों ने उन्हें उपहार दिए। जनपद के प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर उत्साह के साथ न केवल पूजन हुआ, बल्कि डीजे पर बज रहे होली गीतों ने माहौल को फाल्गुनी बना दिया।

