– केंद्र सरकार से पूछा आखिर हालात इस कदर कैसे बिगड़ गए।
नई दिल्ली। हाई कोर्ट ने इंडिगो की लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीर संकट बताते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया है कि आखिर हालात इस कदर कैसे बिगड़ गए।
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से न सिर्फ यात्रियों को परेशानी और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, बल्कि इससे अर्थव्यवस्था को भी नुकसान हो रहा है। अदालत ने सवाल उठाया कि जब इंडिगो की फ्लाइटें बंद थीं, तो अन्य एयरलाइंस ने मौके का फायदा उठाते हुए टिकटों के दाम क्यों बढ़ा दिए? कोर्ट ने साफ शब्दों में पूछा कि ऐसी स्थिति में दूसरी एयरलाइंस के दाम बढ़ाने को कैसे जायज ठहराया जा सकता है।
सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी तरह लागू है और इंडिगो को शो-कॉज नोटिस जारी किया जा चुका है। केंद्र ने कहा कि एयरलाइन ने अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी है और स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया है।
दिल्ली के बाद बात अगर अहमदाबाद की करें तो अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हालात लगभग वही हैं। इंडिगो की कई उड़ानें बाधित होने के चलते यात्रियों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। लोग एयरलाइन से लगातार अपडेट मांग रहे हैं, लेकिन स्पष्ट जानकारी न मिलने से असंतोष बढ़ रहा है।
वहीं मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी यात्री फ्लाइट डिसरप्शन से परेशान हैं। कई परिवार और आॅफिस यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ यात्रियों का कहना है कि टिकट बदलने और रिफंड में भी दिक्कतें आ रही हैं। गौरतलब है कि इंडिगो की तरफ से लगातार कैंसिलेशन और देरी की वजह से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी परेशानियां साझा कर रहे हैं। कई यात्रियों ने एयरलाइन से पारदर्शी जानकारी और बेहतर व्यवस्था की मांग की है।
कुल मिलाकर, इंडिगो विवाद और उड़ानों की अनियमितता से तीनों प्रमुख एयरपोर्ट पर अराजकता जैसे हालात बने हुए हैं और यात्रियों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।


