झाड़ियों से ढका था कुआं, अंधेरे में नहीं दिखा, पुलिस ने शव बाहर निकाला
रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परशदेपुर के वार्ड नंबर-10 में बुधवार देर रात हादसा हो गया। शुक्लाना जूनियर हाईस्कूल के पास झाड़ियों से ढके खुले कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रात करीब 9:30 बजे झाड़ियों की ओर गया था। अंधेरा होने के कारण उसे कुआं दिखाई नहीं दिया और वह उसमें गिर गया।
मृतक की पहचान आकाश, पुत्र पिंटू निवासी पूरे काजी, परशदेपुर के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, आकाश अपने रिश्तेदार के यहां किसी काम से आया था। रात में वापस जाते समय वह झाड़ियों के पीछे बने खुले कुएं तक पहुंच गया। झाड़ियों और अंधेरे के कारण कुआं दिखाई नहीं दिया और वह उसमें जा गिरा।
हादसे की जानकारी मिलते ही डीह पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सलोन सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुएं को बंद कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले और झाड़ियों से ढके कुएं के कारण भविष्य में भी हादसा हो सकता है। उन्होंने आसपास के ऐसे स्थानों को सुरक्षित कराने की भी मांग की है।