युवक को ब्लैकमेल करने की आरोपी हिरासत में, पुलिस नेटवर्क खंगाल रही
रामपुर। केमरी क्षेत्र के एक युवक को नौकरी का झांसा देकर हनीट्रैप में फंसाने और ब्लैकमेल करने के चर्चित मामले में गंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आठ महीने से फरार चल रही महिला आरोपी सुप्रिया शुक्ला को रविवार शाम करीब सात बजे बाबा दीप सिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। उस पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर रुपये की उगाही करने का आरोप है।
थाना प्रभारी पवन शर्मा के अनुसार, यह मामला करीब आठ महीने पहले सामने आया था। गिरोह ने केमरी निवासी एक युवक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। युवक को उत्तराखंड बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे रामपुर लाकर महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया।
आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक से बड़ी रकम वसूली। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल और आरोपियों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं।
जांच में कई लोगों की भूमिका सामने आने के बाद अलग-अलग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस मामले में एक अन्य महिला आरोपी पहले से ही जेल में बंद है, जबकि सुप्रिया शुक्ला गिरफ्तारी से बचती रही थी। उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट भी जारी था। रविवार शाम गंज पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। विवेचना अभी जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।