रेलवे ट्रैक से लगाई थी छलांग, पुलिस ने बचाया, अक्सर नशे में करती है हरकत
मैनपुरी। रेलवे पुल के नीचे बह रहे गंदे नाले में एक युवती तेज बहाव के साथ बहती हुई दिखाई दी। राहगीरों ने युवती को बहते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नाले से बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार युवती की पहचान गोवर्धन नगर निवासी ज्योति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने भांवत चौराहे से आगे पावर हाउस रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक के नीचे से गुजर रहे गंदे नाले में अज्ञात कारणों से छलांग लगा दी। नाले में तेज बहाव होने के कारण वह करीब 300 मीटर तक बहती चली गई। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने मौके पर ही युवती से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाले से बाहर निकाले जाने के बाद भी युवती शराब के नशे में थी। पूछताछ के दौरान वह गाली-गलौज करती रही और यह भी नहीं बता सकी कि उसने नाले में छलांग क्यों लगाई। पुलिस ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों को मौके पर बुलाया।
शहर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती के परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में फिलहाल आवश्यक कार्रवाई की गई है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।