पूजा-अर्चना कर गरीबों को किया दान-पुण्य
अनूपशहर। अनूपशहर में मौनी अमावस्या पर्व पर श्रद्धालुओं ने गंगाघाटों पर गंगा स्नान किया। अनूपशहर के बबस्टर गंज घाट, मस्तराम घाट व कुंज घाट एवं अहार के अवंतिका देवी व सिद्ध बाबा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को सुबह से ही गंगा स्नान किया। गंगा घाटों पर गंगा मैया के जयकारे लगाए। मंदिरों में पूजा अर्चना कर परिवार की खुशहाली के लिए मनौतियां मांगी। ठंड की परवाह किए बिना श्रद्धालु सुबह भोर से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच गए।
मंदिरों में पूजन करके भोग भी लगाया अनूपशहर एवं अहार के गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गंगा घाट पर पहुंचे। मान्यता है कि मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान करने से देवता खुश होते हैं। इसी के चलते श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करने के बाद गंगा तट पर स्थित मंदिरों में पूजा अर्चना की व भोग लगाया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करने के बाद पितरों की पूजा और उनकी आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया। गरीबों को दान पुण्य भी किया।
इस अमावस्या तिथि को मौनी कहने के पीछे यह मान्यता है कि इसी पावन तिथि पर मनु ऋषि का जन्म हुआ था। ग्रंथों में इस शुभ संयोग को स्नान-दान का महापर्व कहा गया है। हिंदू पंचांग के अनुसार, माघ मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को मौनी अमावस्या मनाई जाती है।मौनी अमावस्या मौन रहकर साधना करने का दिन है।

