– अखिल भारतीय खटीक पंचायत ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। अखिल भारतीय खटीक पंचायत समिति ने दिल्ली में तरुण खटीक की कथित हत्या के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समिति ने मृतक के परिवार के लिए पांच करोड़ रुपये के मुआवजे और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।

यह घटना 4 मार्च को होली के पर्व पर उत्तम नगर, नई दिल्ली में हुई थी। खटीक समाज का आरोप है कि तरुण खटीक की हत्या मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा की गई है, जिससे समाज में भारी रोष व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि इस मामले में शामिल सभी अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।
अखिल भारतीय खटीक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कांता प्रसाद सोनकर ने कहा कि तरुण खटीक के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली प्रशासन ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर केवल दिखावा किया है, जबकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आरोपी फरार हैं।
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिव ने कहा कि खटीक समाज का बच्चा हिंदू है और इस तरह की निर्मम हत्याएं समाज को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने दिल्ली में हुई इस घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

