देहरादून में चेन लुटेरे को पुलिस ने मारी गोली
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में हरबंसवाला बैरियर पर मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह टी-स्टेट की ओर भागने लगा।
पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27), निवासी शिवाजी एन्क्लेव, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। वह 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन लूटने के मामले में आरोपी है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई चेन, बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा, 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जिस एक्टिवा से घूम रहा था, वह कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस अब इस चोरी के मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया था। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उसके उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।