– उरई वापस लौट रहे 10 यात्री घायल, घने कोहरे के कारण हुआ हादसा।
इटावा। जसवंतनगर इलाके में आगरा हाईवे पर चार धाम और बरसाना दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस के पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए। बस में कुल 45 श्रद्धालु सवार थे, जो मथुरा के बरसाना से दर्शन कर जालौन के उरई लौट रहे थे। हादसा कोहरे के कारण होने की बात कही जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जसवंतनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा रात के समय आगरा हाईवे पर मलाजनी गांव के पास हुआ। श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस और निजी साधनों से जसवंतनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। कई श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी श्रद्धालु बरसाना से दर्शन कर रात में डबल डेकर बस से वापस लौट रहे थे। मलाजनी गांव के पास घने कोहरे के कारण बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। स्थिति नियंत्रण में है और सभी घायलों का इलाज जारी है। 8 को मामूली और दो को थोड़ा गंभीर चोटे है।

