ई-रिक्शा सवार थे दोनों मरने वाले, हादसे के बाद बोलेरो का चालक फरार
श्रावस्ती। गिलौला थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम करीब 6 बजे से 7 बजे के बीच बोलेरो की टक्कर से ई-रिक्शा सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई।दरअसल स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग पारस मौर्य (70) ने मौके पर दम तोड़ दिया था। उनके घायल बेटे सुरेंद्र मौर्य (28) की मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मेडिकल कॉलेज बहराइच में इलाज के दौरान मौत हो गई।
दरअसल, पारस मौर्य और सुरेंद्र गिलौला कस्बे के रहने वाले थे। सोमवार शाम करीब 6 बजे वे जानकीनगर से अपनी ई-रिक्शा में बैठकर गिलौला घर लौट रहे थे।तभी सिसवारा-गिलौला मार्ग पर असवा गांव के पास अंधेरे में सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने ई-रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और बोलेरो पलट गई। हादसे मे पारस की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी गिलौला से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक,मृतक पारस के चार बेटे थे।वहीं मृतक सुरेंद्र के एक बेटा और एक बेटी हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। गिलौला बाजार में पारस की दो दुकानें थीं। परिवार का खर्च इन्हीं दुकानों से चलता था। हादसा उनके घर से करीब चार किलोमीटर दूर हुआ। हादसा कितना भयानक रहा होगा यह इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद ई रिक्शा सीधे खड़ा हो गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक अंधेरे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। चालक के नशे में होने की चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले में कार्रवाई कर रही है।