शारदा रिपोर्टर मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम रोहटा में शनिवार सुबह करीब 9 बजे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया और कई लोग घायल हो गए।
संघर्ष में सिराजुद्दीन और दीन कबाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके सिर में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए दीन कबाड़ी के पुत्र को भी सिर में लाठी लगने से चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल रोहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
रोहटा चौकी इंचार्ज गौरव तिवारी ने बताया कि दीन कबाड़ी का मेडिकल हो गया है और दूसरे पक्ष का भी मेडिकल कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में दोनों पक्षों के बीच शांति बनी हुई है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्ष थाने पहुंचे हैं और पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।