HomeTrendingबाइक फिसलने से सिर में लगी चोट, युवक की मौत

बाइक फिसलने से सिर में लगी चोट, युवक की मौत

-

सुबह बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था, घर से दो किमी पहले हुआ हादसा


वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में 35 साल के युवक की मौत हो गई। युवक अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। रास्ते में बारिश से फिसलन भरी सड़क पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सिरसा गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय (35) के रूप में हुई है। वह शटरिंग मिस्त्री का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि वह रोजाना अपने बच्चे को घर से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर स्थित निजी स्कूल छोड़ने जाते थे। शुक्रवार सुबह भी बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे।

बताया गया कि घर से करीब दो किलोमीटर पहले छितौनी गांव के पास उनकी बाइक अचानक फिसल गई। लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। संतुलन बिगड़ने पर अभिषेक सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर सड़क से टकरा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पहचानकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts