शादी समारोह में बाइक पर बेटे के साथ जा रहे थे, बेटा गंभीर घायल
उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर अरगुपुर नौशहरा गांव के पास रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई, जब एक बाइक मवेशी से टकरा गई।
मृतक की पहचान औरास थाना क्षेत्र के बहादुर खेड़ा निवासी 50 वर्षीय रामविलास पुत्र रामदीन के रूप में हुई है। वह अपने 25 वर्षीय बड़े बेटे गुड्डू के साथ बेहटा मुजावर के अरगूपुर गांव में बाबूलाल के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
मृतक रामविलास के परिवार में उनकी पत्नी पुष्पा (42) और पुत्री संजू (12) हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद पिता और पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बेटे गुड्डू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।