शारदा रिपोर्टर मेरठ। पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय मजदूर संघ के दर्जनों सदस्यों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले मजदूर संघ, के जिलाध्यक्ष विनय शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विभागों जैसे नंगलामल शुगर वर्क्स, रेलवे, डाक विभाग, दौराला शुगर वर्क्स, कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ, मवाना शुगर वर्क्स, परिवहन विभाग के सैकड़ी कार्यकर्ता चरण सिंह पार्क में एकत्रित हुए। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश नेतृत्व के आहवान पर एक अत्यंत गंभीर सामाजिक विषय पर्यावरण संरक्षण एवं इसके बचाव हेतु उपाय विषय पर एक ज्ञापन जिलाधिकारी, मेरठ को दिया गया।
संघ के विभाग प्रमुख उमेश शर्मा ने बताया कि पेड़-पौधों के अत्यधिक कटान होने के कारण तापमान में वृद्धि होती जा रही है। ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण होना चाहिए। महामंत्री अनुज शर्मा ने कहा जल संरक्षण हेतु सरकार को अधिक प्रयास करने चाहिए।