अनुपशहर में तहसील गए थे माता-पिता, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बुलंदशहर। अनूपशहर मे एक क्लीनिक में इलाज कराने आई 18 वर्षीय मानसिक व शारीरिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आप किसी और पर नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के पुराने परिचित डॉक्टर लगा है। पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
दर्ज तहरीर के अनुसार, मामला बीते दिन 20 अगस्त दोपहर करीब 12 बजे का है। पीड़िता के पिता अपनी पत्नी और मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी को दांतों के इलाज के लिए अनूपशहर मे परिचित डाक्टर के क्लीनिक पर लेकर आए थे। डॉक्टर से पुरानी जान-पहचान और भरोसा होने के कारण माता-पिता बेटी को क्लीनिक पर डॉक्टर की सुपुर्दगी में छोड़कर अनूपशहर तहसील में बैनामा कराने चले गए।
जब वे करीब दो घंटे बाद तहसील से लौटे, तो बेटी को क्लीनिक से लेकर घर आ गए। घर पहुंचने पर युवती ने रोते हुए माता-पिता को अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि परिजनो की गैरमौजूदगी में डॉक्टर उसे क्लीनिक के ऊपर बने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म (रेप) किया।
बेटी की बात सुनकर आक्रोशित परिजन तुरंत उसे लेकर अनूपशहर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी अनूपशहर भरत सोनकर ने बताया कि पिता द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।