- शिक्षा सामाजिक उत्थान और प्रगति की नींव।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सर्व शिक्षा अभियान और भारत विषय पर एक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग स्थित सेमिनार हॉल में संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ता प्रो. दिनेश कुमार (आचार्य, अर्थशास्त्र विभाग) ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा शिक्षा किसी भी समाज के सामाजिक उत्थान और राष्ट्रीय प्रगति की नींव है। ‘सर्व शिक्षा अभियान’ न केवल शिक्षा के अधिकार को साकार करता है, बल्कि समावेशी विकास और सशक्तिकरण का भी माध्यम बनता है। यदि हम वास्तव में आत्मनिर्भर भारत का सपना देख रहे हैं, तो हमें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने होंगे।
संगोष्ठी में कुल 11 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की और विषय से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. मुनेश कुमार (राजनीति शास्त्र विभाग) ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने सदैव शिक्षा को लोकतांत्रिक अधिकार के रूप में देखा। उन्होंने शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ठोस नीतियाँ बनाईं। ‘सर्व शिक्षा अभियान’ उनकी दूरदर्शी सोच का प्रमाण है, जिसके माध्यम से देश के ग्रामीण और वंचित तबकों तक शिक्षा का उजियारा पहुँचा। उनके प्रयासों ने शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन की नींव रखी।
प्रो. विजय जायसवाल (शिक्षा विभाग) ने सर्व शिक्षा अभियान की वर्तमान प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्व शिक्षा अभियान’ आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना इसके प्रारंभ के समय था। बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा की आवश्यकता और बढ़ गई है।
संगोष्ठी की अध्यक्षता साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता ने कहा कि शिक्षा न केवल ज्ञान का संवाहक है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है। कार्यक्रम का संचालन आयुषी ठाकुर ने प्रभावशाली एवं उत्कृष्ट शैली में किया। अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।