HomeCRIME NEWSहोटल में युवती से दुष्कर्म, अब मेरठ पुलिस फंसी

होटल में युवती से दुष्कर्म, अब मेरठ पुलिस फंसी

-

शुरूआती कार्रवाई पर उठे सवाल, एसपी सिटी तीन दिन में सौंपेंगे रिपोर्ट, आज से दर्ज होंगे बयान


शारदा रिपोर्टर मेरठ। होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म और मारपीट के मामले में अब पुलिस की शुरूआती कार्रवाई पर भी जवाब मांगा जा रहा है। होटल से जान बचाकर बाहर निकली युवती के मामले को सदर बाजार पुलिस ने शुरूआत में आपसी बताकर निपटाने का प्रयास किया था।

होटल संचालक और आरोपी को क्लीन चिट देने पर सवाल उठे तो एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने जांच बैठा दी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले को तीन दिन में रिपोर्ट देनी है। जांच में इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज और हलका सिपाही की भूमिका भी तय होगी।

24 नवंबर 2026 को सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर से 24 वर्षीय युवती बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए बाहर भागी थी। इसी दौरान एक युवक ने उसे पकड़ लिया और जबरन उठाकर होटल के अंदर ले जाने लगा। घटना के बाद युवती के साथ दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरूआती कार्रवाई में इसे आपसी मामला बताकर निपटाने का प्रयास किया गया।

होटल संचालक, होटल स्टाफ और आरोपी सलमान को भी क्लीन चिट दे दी गई। इसी शुरूआती कार्रवाई को लेकर अब पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। होटल के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो मामला गरमा गया। वीडियो में युवती होटल से बाहर निकलकर मदद मांगती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस की शुरूआती कार्रवाई पर सवाल उठने लगे।

मामला मेरठ से निकलकर लखनऊ तक पहुंच गया। आला अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचीं और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने मामले को लेकर विरोध जताया। उन्होंने होटल स्क्वायर के साथ सदर बाजार और शहर के अन्य होटलों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। वायरल वीडियो और मामले की गंभीरता के बाद प्रकरण शासन स्तर तक पहुंच गया। एडीजी लॉ एंड आॅर्डर भी मामले में सक्रिय हो गए।

एसएसपी खुद होटल पहुंचे, दो घंटे में कराया सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए अगली सुबह एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति खुद आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर पहुंचे। उन्होंने होटल का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हुई और करीब दो घंटे के भीतर होटल को सील करा दिया गया। एसएसपी ने होटल के अंदर मौजूद साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को सीलिंग की वजह बताया था।

अब खंगाली जाएगी पुलिस की शुरूआती कार्रवाई
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले को पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच सौंपी है। जांच के दायरे में संबंधित सीओ, इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज और हलका सिपाही को शामिल किया गया है। पड़ताल होगी कि युवती की शिकायत और घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने क्या कदम उठाए और मामले को आपसी बताने के पीछे क्या आधार था।

आज दर्ज होंगे बयान, तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट
एसपी सिटी शुक्रवार से जांच की औपचारिक शुरूआत करेंगे। संबंधित पुलिसकर्मियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई में बदलाव क्यों आया और शुरूआती स्तर पर किसकी क्या भूमिका रही। एसपी सिटी को तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर एसएसपी को रिपोर्ट सौंपनी है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts