तिलक समारोह से टेंट का सामान भरकर लौट रहे टेंट कारोबारी की मौत
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में रविवार रात हाइवा ने टेंट का सामान ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में टेंट कारोबारी रामकुमार पांडेय (42) और मजदूर निर्मल वर्मा (40) की मौत हो गई।
अमर चौधरी (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुबारकपुर में पशुपति बाबा स्थान के पास निमार्णाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर हुआ। दोकटी थाना क्षेत्र के बाबू के शिवपुर, लालगंज निवासी रामकुमार पांडेय मजदूरों के साथ अपने ससुराल में तिलक समारोह के लिए टेंट लगाने गए थे। रविवार रात वे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सामान लादकर घर लौट रहे थे।
मुबारकपुर गांव के सामने पशुपति बाबा मंदिर के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर को अकबर खान और छोटू पांडेय ने लघुशंका के लिए रोका था। इसी दौरान रात करीब एक बजे बिहार की ओर जा रहे हाइवा ने पीछे चल रही सामान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और उपनिरीक्षक शंकर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को मोर्चरी में रखा गया है और घायल का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।